Homeअन्य खबरेमौत के रास्ते पर दौड़ी कार! उफनते नाले में बहा दंपति, SDRF...

मौत के रास्ते पर दौड़ी कार! उफनते नाले में बहा दंपति, SDRF तलाश में जुटी, देखें वीडियो…

सारंगढ़, 27 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच सारंगढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया। सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर माधोपाली के पास स्थित लात नाला उफान पर था। इसके बावजूद कार सवार एक दंपति ने पुलिया पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में बह गई। हादसे के बाद से पति-पत्नी लापता हैं। पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीते कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण लात नाला पूरी तरह उफान पर है और पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। इसी दौरान देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से नाला पार करने निकले। जैसे ही कार पुलिया के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पानी की धार में बहकर नाले में समा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी तलाश के बाद कार नाले से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर औरा चक्का के पास बरामद हुई, लेकिन उसमें दंपति नहीं मिले। आशंका है कि दोनों तेज बहाव में बहकर आगे निकल गए होंगे।

घटना के बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया है। तेज जलधारा और अधिक पानी के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं, फिर भी लगातार खोजबीन जारी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी उफनते नाले या पुलिया को पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts