
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बीच सड़क में मारपीट का वीडियो सामने आया है। जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक ऑटो सवार युवक का पीछा कर उसे बीच सड़क पर दौड़ाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र के गुरुनानक चौक का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई युवक बाइक से ऑटो का पीछा करते हुए गुरुनानक चौक तक पहुंचे। जैसे ही ऑटो रुका और युवक नीचे उतरा, हमलावरों ने उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए युवक सड़क पर दौड़ता रहा, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और बीच सड़क पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश भी की।

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की है। पूरी वारदात किसी राहगीर ने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बदमाशों की दबंगई और खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए हमला करते देखा जा सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के साथ ही वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीच सड़क हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
