
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गोबरा-नवापारा थाना क्षेत्र में उधारी के पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बकरा व्यापारी के साथ मारपीट और चाकू से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित समीर खान ने पुलिस को बताया कि वह बकरा खरीदी-बिक्री का काम करता है। 24 जुलाई की सुबह करीब 9:45 बजे आरोपी सोहेल खान ने उधारी के पैसों को लेकर उसे घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि मोहल्ले में पहुंचते ही आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से हमला कर दिया।
हमले में समीर खान के गर्दन, पीठ और दोनों हाथों में चोटें आई हैं। घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित की शिकायत पर गोबरा-नवापारा थाना पुलिस ने आरोपी सोहेल खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां से उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
