
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छावनी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घरेलू विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर पति की जान ले ली।

घटना की पूरी जानकारी
यह मामला कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड 35 का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसकी पत्नी हीरामणि साहू (करीब 35 वर्ष) है। दोनों के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि डोमन साहू अक्सर शराब के नशे में घर आता था और पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था। इस कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था और मोहल्ले के लोग भी परेशान थे।

पहले भी हुई थी शिकायत
पत्नी हीरामणि साहू ने 19 अप्रैल को पति के खिलाफ जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोमन को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई और वह घर लौट आया।
गुस्से में किया खौफनाक कदम
घर लौटने के बाद फिर से पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर हीरामणि ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
