Tuesday, July 7, 2026
Homeअन्य खबरेउफनते नाले में बहा बिजली विभाग का पिकअप, तीन कर्मचारियों ने तैरकर...

उफनते नाले में बहा बिजली विभाग का पिकअप, तीन कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान, एक लापता

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ बड़ा हादसा हो गया। अचानकपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने जा रहे कर्मचारियों का पिकअप वाहन उफनते नाले में तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे में तीन कर्मचारियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता है, जिसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे खोरसी नाला के पुल पर हुई। बिजली विभाग की टीम खराब बिजली लाइन की मरम्मत के लिए पिकअप वाहन से जा रही थी। इस दौरान चालक ने उफनते नाले को पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बह गया।

बताया जा रहा है कि पिकअप करीब 800 मीटर तक पानी के साथ बह गया। वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की, जबकि चौथा कर्मचारी लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि वह वाहन में फंस गया या तेज बहाव में बह गया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। लापता कर्मचारी और बहे हुए वाहन की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे और बचाव कार्य में जुटी टीम के साथ रस्सी खींचने सहित रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts