Tuesday, July 7, 2026
Homeअन्य खबरेसड़क या समंदर? बिल्हा में सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा...

सड़क या समंदर? बिल्हा में सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में ‘मछली मार’ कर सरकार और विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा…

बिल्हा/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र की नगपुरा-धमनी-सेंवार-कड़ार से झाल तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया। पहली ही बारिश में सड़क पर जलभराव और गहरे गड्ढों से नाराज कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने सड़क पर भरे पानी में जाल डालकर प्रतीकात्मक रूप से ‘मछली पकड़ने’ का प्रदर्शन किया और सरकार व स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मछली पकड़ने का जाल और बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरे। उनका कहना था कि सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि यह मार्ग कम और तालाब ज्यादा दिखाई देता है। प्रदर्शन ने राहगीरों का भी ध्यान खींचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि नगपुरा से झाल तक का यह मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क है, जिससे प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, किसान और स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

वहीं, तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता सड़क की बदहाली से परेशान है, लेकिन जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कांग्रेस ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts