
बिलासपुर। राष्ट्रमंडल खेल-2026 के ग्लासगो में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बधाई दी है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर नया इतिहास रचा है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

वैभव गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा से प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की खेल नीति का उद्देश्य प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम लगातार रोशन करते रहें। ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगी।
