
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के तीन मंदिरों में एक ही रात हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों को निशाना बनाया था। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक रात में तीन मंदिर बने थे निशाना
1 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव स्थित चंडी दाई मंदिर और जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। रामजानकी और बद्री विशाल मंदिर से चांदी के छत्र चोरी किए गए, जबकि चंडी दाई मंदिर से देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी पार कर दी गई थी। तीनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

100 CCTV कैमरों की फुटेज बनी सबसे बड़ा सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक आते-जाते दिखाई दिए। इसके बाद साइबर तकनीक और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया गया।
घर के पीछे गड्ढे में छिपा रखा था चोरी का सामान
पूछताछ में पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली।पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी –
प्रशांत पटेल (23), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
प्रभात पटेल (18), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
परमानंद पटेल (25), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
