
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में साप्ताहिक बाजार के दौरान दो महिलाओं की कथित तौर पर पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग महिलाओं को घेरकर उनके साथ मारपीट करते और पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़कापारा स्थित साप्ताहिक बाजार का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बाजार में मौजूद कुछ लोगों ने दोनों महिलाओं पर मोबाइल और हजारों रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद भीड़ ने दोनों को घेर लिया और कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की।

वायरल वीडियो में महिलाओं के साथ मारपीट का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने चोरी के आरोपों को लेकर महिलाओं से पूछताछ भी की।
अब इस घटना ने साप्ताहिक बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चोरी के संदेह में कानून हाथ में लेकर महिलाओं के साथ मारपीट करने की इजाजत किसने दी? फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।वायरल वीडियो में लगाए गए चोरी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
