HomeअपराधSnapchat वाली थनवी' गर्लफ्रेंड निकली युवक; पांच महीने से चल रहा था...

Snapchat वाली थनवी’ गर्लफ्रेंड निकली युवक; पांच महीने से चल रहा था रोमांस, प्रेमजाल में फंसाकर कर दी 65 हजार की ठगी, मिलने पहुंचा युवक तो खुला बड़ा राज…

रायपुर। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक युवक को महंगा पड़ गया। स्नैपचैट पर युवती बनकर बातचीत करने वाले एक शातिर युवक ने पहले दोस्ती की, फिर प्रेमजाल में फंसाकर अलग-अलग बहानों से 65 हजार रुपये ऐंठ लिए। करीब पांच महीने तक चली इस बातचीत का सच तब सामने आया, जब पीड़ित कथित युवती से मिलने उसके बताए पते पर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के केवटाडीह (भुतहा) निवासी 23 वर्षीय धनश्याम साहू रायपुर के सर्वोदय अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत है और दुबे कॉलोनी स्थित हॉस्टल में रहता है। 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर उसकी पहचान ‘थनवी साहू’ नाम की आईडी से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और कुछ समय बाद सामने वाले व्यक्ति ने खुद को युवती बताते हुए निजी परेशानियों का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगनी शुरू कर दी।

विश्वास में आए धनश्याम ने 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग समय पर यूपीआई के जरिए कुल 65 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित मिलने के लिए गरियाबंद जिले के ग्राम बासीन पहुंचा। वहां उसे पता चला कि ‘थनवी साहू’ नाम की आईडी किसी युवती की नहीं, बल्कि अमन साहू नामक युवक द्वारा संचालित की जा रही थी। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर उसने सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में पंडरी थाने में लिखित आवेदन दिया।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने या भावनात्मक रूप से जुड़ने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी परिस्थिति में बिना सत्यापन के ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने से बचें, ताकि साइबर ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts