
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों नहीं बल्कि करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे चोर शोरूम में दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद रहने की वजह से कारोबारी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई, तब अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। वहीं फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स भी सबूत जुटाने में लगे हुए हैं। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
