Homeअपराधहाईवे पर सफाई कर रही महिला मजदूर को ट्रेलर ने कुचला, मौके...

हाईवे पर सफाई कर रही महिला मजदूर को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल…

बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क रखरखाव कार्य में लगी एक महिला मजदूर की जान चली गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32) के रूप में हुई है। वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफाई और रखरखाव कार्य में लगी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिलासपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर अचानक असंतुलित हो गया और सड़क पर पलट गया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रतनपुर थाना पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेलर सड़क पर पलटने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटवाकर करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य कराया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिकों ने सड़क रखरखाव कार्य में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जहां मजदूर काम कर रहे थे, वहां न तो चेतावनी संकेत लगाए गए थे, न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच मजदूरों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे थी।

जांच में तय होगी जिम्मेदारी

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि हादसा केवल ट्रेलर चालक की लापरवाही का नतीजा था या फिर सड़क निर्माण एवं रखरखाव एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी दुर्घटना की वजह बनी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts