
सरगुजा, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा से लगे जंगल में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर एक ही फंदे से युवक और युवती के शव लटके मिले। दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस दोनों के प्रेमी जोड़े होने की आशंका जता रही है।

मामला सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित कोटबहरा जंगल का है। मंगलवार सुबह जंगल में खुखड़ी बीनने पहुंचे ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके दोनों शवों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। टीम की जांच के बाद शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मृतकों की पहचान के लिए आसपास के थानों में भी जानकारी जुटा रही है।

मौके पर मिली बाइक
घटनास्थल के पास HF डिलक्स बाइक क्रमांक CG 15 DG 3422 भी खड़ी मिली है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि युवक-युवती बाइक से जंगल पहुंचे होंगे। फिलहाल बाइक किसके नाम पर है और दोनों मृतकों से उसका क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है।
शवों की स्थिति के आधार पर पुलिस को अनुमान है कि दोनों ने सोमवार को ही फांसी लगाई होगी। हालांकि मौत का वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियां पोस्टमार्टम तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि जंगल में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मृतकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है और मामले में मर्ग कायम कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
