
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक ठेकेदार के सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने 10 लाख रुपये नकद और महंगी स्कॉच की बोतल चोरी कर ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी की है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ढिमरापुर की वृंदावन कॉलोनी निवासी आनंद कुमार सिंघानिया एनटीपीसी लारा प्लांट में कॉन्ट्रैक्टर हैं। वह रविवार को अपनी पत्नी के साथ झारसुगुड़ा गए थे। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था। मंगलवार सुबह उनके कुक ने फोन कर मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही आनंद कुमार घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे 10 लाख रुपये गायब थे। इसके अलावा दोस्त द्वारा गिफ्ट की गई महंगी स्कॉच की बोतल भी चोर अपने साथ ले गया।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध नजर आया है। पुलिस अब उसकी पहचान और तलाश में जुटी है।
बताया गया कि जिस दिन आनंद अपनी पत्नी के साथ झारसुगुड़ा गए थे, उसी दौरान उनका केयरटेकर भी घर से चला गया था। उसके वापस लौटने के बाद चोरी की घटना सामने आई। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
