
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रतनपुर थाना क्षेत्र के भैंसाझार जंगल में पूर्व उपसरपंच सूर्यप्रकाश बघेल (37) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। दो दिनों से लापता चल रहे सूर्यप्रकाश के सिर और शरीर पर लाठी-रॉड से हमले के निशान पाए गए, जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। शव के पास झाड़ियों में उसकी बाइक भी मिली है।

दो दिन से लापता था मृतक
ग्राम भैंसाझार निवासी सूर्यप्रकाश 3 दिसंबर की सुबह अपनी बाइक CG 11 BL 6975 से घर से निकला था। वह किसी केस की पेशी के लिए बिलासपुर जा रहा था। मगर देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। कई बार कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन ने 4 दिसंबर को रतनपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जंगल में मिला खून से सना शव
8 दिसंबर की सुबह ग्रामीणों ने जंगल में एक युवक की लाश देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर लोगों ने शव की पहचान सूर्यप्रकाश के रूप में की। शव से खून सूखा हुआ था और कई जगह गहरी चोटें थीं। पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और की गई और सबूत छुपाने के लिए शव जंगल में लाकर फेंक दिया गया।

पैसे के लेन-देन में विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक का गांव और रतनपुर क्षेत्र के कुछ लोगों से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद
एएसपी ग्रामीण अर्चना झा के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट और सर्च डॉग को बुलाया गया है। मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन और तकनीकी सबूतों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस परिजनों और परिचितों से लगातार पूछताछ भी कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला मानकर कई एंगल से जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद गांव और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
