Wednesday, February 11, 2026
Homeखेलविनीत कप 2025 : भारत की सबसे बड़ी लाइट वेट टेनिस बॉल...

विनीत कप 2025 : भारत की सबसे बड़ी लाइट वेट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता, 11 लाख 11 हजार 111 रुपए का पहला इनाम, 28 दिसंबर से होगा आगाज…

बिलासपुर। लाइट वेट टेनिस बॉल क्रिकेट की दुनिया में देश का सबसे बड़ा आयोजन बनने जा रहा विनीत कप इस साल एक बार फिर भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। स्वर्गीय ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में हर वर्ष की तरह इस बार भी यह टूर्नामेंट बिलासपुर में 28 दिसंबर से शुरू होकर 11 जनवरी तक चलेगा। यह प्रतियोगिता न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे मध्य भारत और देश भर के क्रिकेट प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय है। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली व्यवस्थाएं, भव्य आतिशबाजी, लाइव प्रसारण और आधुनिक तकनीक इसका स्तर राष्ट्रीय टूर्नामेंट जैसा बनाती हैं।

देश का सबसे बड़ा लाइट वेट बॉल टूर्नामेंट

इस वर्ष विनीत कप का स्तर और भी ऊंचा हो गया है, क्योंकि आयोजकों ने इसे 11 लाख रुपए की इनामी राशि के साथ देश की सबसे बड़ी लाइट वेट क्रिकेट प्रतियोगिता घोषित कर दिया है। पहला पुरस्कार 11 लाख 11 हजार 111 रुपए और आकर्षक ट्रॉफी रखा गया है, जबकि मैन ऑफ द सीरीज को बुलेट बाइक से सम्मानित किया जाएगा। दूसरा पुरस्कार 4,44,444 रुपए तय किया गया है। पिछले वर्ष प्रथम इनाम 5 लाख था, जिसे इस बार दोगुना से भी अधिक बढ़ाकर रेकॉर्ड स्तर पर ले जाया गया है।

देश–विदेश की टीमें लेंगी हिस्सा

टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों की 32 टीमें शामिल होंगी। खास बात यह है कि इससे पहले भी दुबई और ओमान की इंटरनेशनल टीमें भाग ले चुकी हैं, जिससे इस आयोजन की प्रतिष्ठा और बढ़ जाती है।
एंट्री फीस 40 हजार रुपए तय की गई है। कुल 31 मैच होंगे—लीग मैच 10 ओवर के, सेमीफाइनल 12 ओवर और फाइनल मुकाबला 14 ओवर का होगा।

आईपीएल जैसी व्यवस्थाएं—लाइव प्रसारण से लेकर थर्ड अंपायर तक

विनीत कप की विशेषता यह है कि निष्पक्ष और पारदर्शी खेल के लिए पूरे आयोजन में लाइव प्रसारण, थर्ड अंपायर और हाई–टेक कैमरे लगाए जाते हैं। इस बार महाराष्ट्र की टीम tenniscricket.in अपने वैनिटी वैन सहित उपस्थित रहेगी और सभी मैचों का लाइव कवरेज करेगी। हर मैच में मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट फील्डर जैसे पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

भव्य आतिशबाजी और चियर लीडर्स—मनोरंजन का पूरा पैकेज

खिलाड़ियों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए आयोजकों ने इस बार भी बड़े स्तर पर तैयारी की है। हर मैच के दौरान भव्य आतिशबाजी, उद्घाटन समारोह, मेहमानों का स्वागत और आईपीएल स्टाइल चियर लीडर्स का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजन समिति की तैयारियां पूरी

आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी (निक्कू) ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह प्रतियोगिता उनकी स्वर्गीय माता ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित की जाती है। इससे पहले भी कबड्डी सहित कई खेल प्रतियोगिताएं उनकी स्मृति में आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट का यह शानदार 13वां वर्ष है और यह सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बिलासपुर की पहचान बन चुका है।

फ्लड लाइट मैदान—मंत्री की घोषणा हुई साकार

ईशान भंडारी ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मैदान में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की थी, जिसे अब पूर्ण कर दिया गया है। इस वर्ष पहली बार खिलाड़ी फ्लड लाइट की रोशनी में रोमांचक मैच खेलेंगे।

टीमों की संपूर्ण व्यवस्था

समिति द्वारा बाहर से आने वाली टीमों के लिए रहने–ठहरने से लेकर भोजन और अन्य सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही पत्रकारों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सद्भावना मैच भी आयोजित किया जाएगा।

मुख्य उद्देश्य—प्रतिभाओं को मंच देना

ईशान भंडारी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए क्रिकेटरों को मंच प्रदान करना है, ताकि अधिक से अधिक खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएं और बिलासपुर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts