
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। रतनपुर रोड पर कोनी थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह यह बवाल हुआ, वह कोनी थाना से चंद दूरी पर बताई जा रही है, फिर भी पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों पक्ष सड़क पर खुलेआम एक-दूसरे पर पत्थर बरसा रहे हैं। इस दौरान राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक विवाद गुरुघासी दास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कुछ छात्रों और बाहरी युवकों के बीच हुआ। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और सड़क रणभूमि में तब्दील हो गई। पत्थरबाजी से किसी के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते पहुंचती तो हालात इतने बिगड़ते नहीं। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि थाना नजदीक होने के बावजूद पुलिस को इस उत्पात की जानकारी क्यों नहीं मिली। वायरल वीडियो के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अब तक किसी की पहचान कर कार्रवाई की गई है या नहीं। अब नजर इस बात पर है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों तक पहुंचती है और कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब कैसे देती है।
