
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से जुड़े एक संवेदनशील मामले में पुलिस विभाग के एक हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई लखनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े घटनाक्रम की जांच के बाद की गई है, जहां एक युवक और उससे पहले उसकी प्रेमिका की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए थे।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चुनकडांड निवासी 20 वर्षीय आशीष मिंज ने 5 अप्रैल 2025 को फांसी लगाकर जान दे दी थी। उसका शव गांव के बाहर सड़क किनारे एक पेड़ पर लटका मिला था। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि लखनपुर थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल पन्ना लाल द्वारा 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगकर प्रताड़ित किए जाने से वह मानसिक दबाव में था।

बताया जा रहा है कि आशीष मिंज का प्रेम संबंध कोरबा निवासी नाबालिग संध्या खलखो से था। संध्या 20 नवंबर 2024 को आशीष के घर चली गई थी, और अगले ही दिन 21 नवंबर को उसने वहीं फांसी लगा ली थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि नाबालिग को घर में रखने पर आशीष की मां ने आपत्ति जताई थी और उसे वापस घर छोड़ने को कहा था।

संध्या के परिजनों ने बाद में आशीष मिंज और उसकी मां अलमा मिंज पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सरगुजा एसपी से शिकायत की थी। इस शिकायत की जांच की जिम्मेदारी हेड कॉन्स्टेबल पन्ना लाल को सौंपी गई थी।

परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान हेड कॉन्स्टेबल ने युवक और उसकी मां को मामले में फंसाने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग की। इन आरोपों की जांच के बाद अब संबंधित हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने से जुड़ा प्रकरण दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
