
जांजगीर-चांपा। 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से पारिवारिक विवाद का खौफनाक मामला सामने आया है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। छोटे भाई ने बड़े भाई और उसकी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पहले गाली-गलौज, फिर डंडे से हमला
पुलिस के मुताबिक, ग्राम कोसला निवासी पुनीराम साहू और जनकराम साहू सगे भाई हैं और दोनों अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद चल रहा था।
दो दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी। मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद रात करीब 8 बजे जनकराम डंडा लेकर पुनीराम के घर के पास पहुंचा। वहां एक बार फिर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान जनकराम ने पुनीराम पर डंडे से हमला कर दिया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से पुनीराम जमीन पर गिर पड़ा। पति को बचाने के लिए उसकी पत्नी भूरी बाई आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी डंडे से हमला कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान भूरी बाई ने तोड़ा दम
हमले के बाद दोनों पति-पत्नी गंभीर हालत में जमीन पर पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें तत्काल पामगढ़ अस्पताल पहुंचाया। भूरी बाई की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, पुनीराम का अस्पताल में इलाज जारी है।

रात में ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू समेत उसके परिवार के कुछ सदस्यों को रात में ही हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पुश्तैनी जमीन और अन्य पारिवारिक मामलों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों के बीच कहासुनी होती थी। इसी विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया।
पुश्तैनी जमीन बनी विवाद की बड़ी वजह
बताया गया है कि दोनों भाइयों के पिता हीरालाल मूल रूप से नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सलखन के रहने वाले थे। बाद में परिवार ग्राम कोसला में आकर बस गया था। यहां उन्हें ससुराल पक्ष से पुश्तैनी जमीन मिली थी।
समय के साथ दोनों भाई अलग रहने लगे। छोटे भाई जनकराम ने भाठा क्षेत्र के पास अपना मकान बना लिया। अलग-अलग रहने के बावजूद जमीन और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद खत्म नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
