
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 कैंप स्थित एक मकान में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने दबिश दी। मौके से 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंप इलाके के एक मकान में लंबे समय से अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने एसीसीयू के साथ मिलकर मकान में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां 12 लोग ताश के पत्तों पर जुआ खेलते मिले।

पुलिस ने मौके से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, ताश की पत्तियां और करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जुए में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

ये 12 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत छावनी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि मकान में जुए का फड़ कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध जुआ गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
