
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मामूली डांट-फटकार के बाद रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में एक युवक ने अपनी ही मौसी की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी तीरथराम यादव (45) रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर में उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई (55) मौजूद थीं। देर से घर लौटने और शराब पीकर आने को लेकर मौसी ने उसे डांट दिया। बताया जा रहा है कि युवक को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में आपा खो बैठा।

लकड़ी और डंडे से किया हमला
गुस्साए तीरथराम ने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडा उठा लिया और मौसी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में घर में गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

घटना के समय आरोपी की पत्नी, बच्चे और मृतका की बड़ी बहन भी घर में मौजूद थीं। परिजन घायल महिला को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन परिजन उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस पुरैना गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने आरोपी तीरथराम यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
