
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना पुराना बस स्टैंड इलाके की बताई जा रही है। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी महिला
सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। पुलिसकर्मी लगातार महिला से नीचे आने की अपील कर रहे हैं, लेकिन वह फिलहाल किसी की बात मानने को तैयार नहीं है।
SDRF को भी दी गई सूचना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SDRF टीम को भी सूचना दी है। रेस्क्यू टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की तैयारी में जुटी है। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला पिछले दो दिनों से तखतपुर इलाके में अर्धनग्न अवस्था में घूमती नजर आ रही थी। लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल महिला के टावर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आ सकेगी।
