
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 में मंगलवार शाम एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूर भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से हो गया। उसे करंट की चपेट में आता देख साथी मजदूर रवि बंजारे उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा कुछ ही सेकंड में हुआ। एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में उलझ गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य मजदूरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे, निवासी अशोक नगर (डीएलएस कॉलेज के पास) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस निर्माणाधीन मकान में कार्य चल रहा था, उसके ठीक ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा इस हादसे के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार है।
