
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सरेराह युवक से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। महामाया रोड पर बदमाशों ने एक युवक को घेरकर जमकर पीटा और उसकी जेब से 2500 रुपये निकाल लिए। घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष और भाजपा नेता अनुराग सिंहदेव का भतीजा अभिरत सिंहदेव है।

घटना 7 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। 22 वर्षीय अभिरत सिंहदेव अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान समलाया मंदिर के पास गोलू पठान, राज बंगाला और उनके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया।

रुपये मांगे, विरोध किया तो कर दी पिटाई
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अभिरत से रुपयों की मांग की। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 2500 रुपये जबरन निकाल लिए गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। सड़क पर युवक के साथ हुई मारपीट का वीडियो देखकर लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है।
FIR के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, घटना की शिकायत मिलते ही कोतवाली थाने में नामजद FIR दर्ज की गई थी। एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 119(1) और 324(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
