Homeअपराधबिलासपुर में शराब पार्टी के बाद खूनी संघर्ष: युवक की ईंट से...

बिलासपुर में शराब पार्टी के बाद खूनी संघर्ष: युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में…

बिलासपुर, 19 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकलतरी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद एक युवक की हत्या पर जाकर खत्म हुआ। मामूली कहासुनी ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार और ईंट से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार, अकलतरी निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30) मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। शनिवार रात वह अपने दोस्त विशाल कश्यप के साथ शराब पी रहा था। देर रात घर लौटते समय गांव के ही अमित सोनवानी और सुधीर सोनवानी से उसकी और विशाल की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।

पहले दोस्त पर हमला, फिर घर में घुसकर की हत्या

विवाद के दौरान आरोपियों ने पहले विशाल कश्यप पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। विशाल किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

मृतक
मृतक

इसके बाद दोनों आरोपी इंद्रप्रकाश के घर पहुंच गए। खतरा भांपकर इंद्रप्रकाश छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने हंसिया, चाकू और दीवार से निकाली गई ईंट से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी हिरासत में
आरोपी हिरासत में

हत्या के बाद ढाबे में खाना खाया, फिर पहुंचे थाने

हत्या के बाद दोनों आरोपी गांव से निकलकर रतनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पहले एक ढाबे में भोजन किया और बाद में थाने पहुंच गए। इसी दौरान गांव वालों ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आई यह बात

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक इंद्रप्रकाश शराब का आदी था। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी काफी पहले उसे छोड़कर चली गई थी।

परिवार के अन्य सदस्य भी रोजगार के लिए रायपुर और हैदराबाद चले गए थे, जिससे वह गांव में अकेला रह रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts