Homeअपराधसुबह 6 बजे ED की दस्तक, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA...

सुबह 6 बजे ED की दस्तक, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के घर रेड; 2 से 3 गाड़ियों में पहुंची टीम, अंदर खंगाले जा रहे कागजात…

भिलाई।  छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। 1 सितंबर की सुबह ED की टीम ने भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के घर दबिश दी। करीब 2-3 गाड़ियों में पहुंची टीम ने सुबह करीब 6 बजे घर में प्रवेश किया और दस्तावेजों समेत अन्य जरूरी सामान की जांच शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा। सुबह-सुबह ED की टीम के पहुंचने से इलाके में हलचल बढ़ गई। फिलहाल ED की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चंद्रवंशी के घर पर हुई यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी है।

 12 दिन पहले शराब घोटाला केस में कई ठिकानों पर रेड

केके चंद्रवंशी के घर हुई कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब करीब 12 दिन पहले ED ने कथित शराब घोटाला मामले में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर दबिश दी थी।

रायपुर में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास और धमतरी में सिहावा रोड स्थित उनके घर पर ED की कार्रवाई करीब 9 घंटे चली थी। बताया गया कि टीम अपने साथ कुछ अहम दस्तावेज भी लेकर गई थी। रामगोपाल अग्रवाल को जांच एजेंसियों की ओर से शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े मामलों में आरोपी बनाया गया है।वहीं दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर भी ED की टीम पहुंची थी। करीब सात अधिकारियों की टीम ने दोनों ठिकानों पर जांच की थी।

क्या है छत्तीसगढ़ का कथित शराब घोटाला?

छत्तीसगढ़ का कथित शराब घोटाला राज्य के बड़े आर्थिक मामलों में शामिल है। ED और EOW की जांच के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित तौर पर एक सिंडिकेट बनाकर अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपये का कथित घोटाला हुआ। जांच के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारियों, कारोबारियों, आईएएस अधिकारियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले में जांच के साथ-साथ अदालती प्रक्रिया भी जारी है।

अब चंद्रवंशी के घर ED की कार्रवाई क्यों?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि केके चंद्रवंशी के घर ED की टीम किस मामले में पहुंची है? क्या इसका संबंध कथित शराब घोटाले से है या किसी अन्य जांच से, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

ED की कार्रवाई पूरी होने और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही इस छापेमारी की वजह और जांच के दायरे का पता चल सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts