
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसा सरकंडा थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस और SDRF की टीम ने करीब दो घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद दोपहर करीब 2 बजे किशोर का शव बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सौरभ धुरी (14) गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने पहुंचा था। सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।

हादसे के बाद बच्चों ने आसपास के लोगों और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम को भी बुलाया गया।

SDRF जवानों ने लगातार करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोपहर करीब 2 बजे सौरभ का शव नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
