Homeअन्य खबरेदुकान के ऊपर बने मकान में भड़की आग, जान बचाने छत से...

दुकान के ऊपर बने मकान में भड़की आग, जान बचाने छत से कूदे लोग; मोहल्ले वालों ने दिखाई बहादुरी, देखें वीडियो…

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रामनगर इलाके में सोमवार रात करीब 8 बजे एक दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान के निचले हिस्से में दुकान संचालित होती है, जबकि ऊपर परिवार रहता है। आग की लपटें उठते ही आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने लगी तो घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए छत से नीचे कूदना पड़ा। वहीं कई युवक छत पर चढ़कर अंदर फंसे सामान को बाहर निकालने में जुट गए।

फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही मोहल्ले के लोगों ने नल के पाइप, बाल्टियों और अन्य साधनों से लगातार पानी डालकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। इसी वजह से दमकल वाहन की जरूरत नहीं पड़ी। बचाव के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर भी पाइप के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली। नीचे दुकान और ऊपर मकान होने के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किलें आईं, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।

इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से मकान और उसमें रखे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts