Homeअपराधबस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 14 यात्री घायल; हादसे के बाद मची अफरा-तफरी...

बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 14 यात्री घायल; हादसे के बाद मची अफरा-तफरी…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धरमजयगढ़ के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र में नारायणपुर से रायगढ़ जा रही यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार करीब 14 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, द्विवेदी यात्री बस बुधवार सुबह नारायणपुर बस स्टैंड से रायगढ़ के लिए रवाना हुई थी। तेजपुर के पास पहुंचते ही बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

14 घायल, दो अस्पतालों में कराया गया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 6 घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल, जबकि 8 घायलों को धरमजयगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी की हालत सामान्य है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts