
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पानी की बोतल को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने छोटी कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लात-मुक्कों से हमला किया। इस दौरान पीड़ित का मोबाइल और पर्स नीचे गिर गया, जिसे आरोपी उठाकर फरार हो गए।

घटना 15 सितंबर की बताई जा रही है। बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक पान ठेले से पानी खरीदकर फोन-पे से भुगतान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनसे पानी की बोतल मांगने लगे। पानी देने से मना करने पर दोनों युवक उनके पीछे गए और कैंची दिखाकर धमकाने के बाद मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसे चोट आई। शिकायत के बाद अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर योगेन्द्र मानिकपुरी (25) और अजय खरे (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
योगेन्द्र मानिकपुरी, 25 वर्ष, वार्ड क्रमांक 13 अकलतरा
अजय खरे, 25 वर्ष, वार्ड क्रमांक 15 रहसबेड़ा अकलतरा
