
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में श्मशान के पास कथित तंत्र-मंत्र किए जाने का मामला सामने आया है। रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कुछ लोगों को संदिग्ध गतिविधियां करते देख ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मौके से नींबू समेत कुछ अन्य सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। ग्रामीणों का दावा है कि श्मशान के पास लोग तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि कर रहे थे और एक-दूसरे का मुंडन भी किया गया था।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पितृ पक्ष से पहले श्मशान में इस तरह की गतिविधि किसी तांत्रिक साधना का हिस्सा हो सकती है। हालांकि, तंत्र-मंत्र के जरिए किसी विशेष उद्देश्य की पूर्ति की जा रही थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सभी को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
