
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंची कुछ शिक्षिकाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षिकाएं रेस्टोरेंट प्रबंधन और कर्मचारियों पर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने वेज खाना ऑर्डर किया था, लेकिन परोसे गए भोजन में वेज के साथ चिकन के टुकड़े भी मिले।

बताया जा रहा है कि घटना 15 अगस्त की है। स्कूल कार्यक्रम के बाद कुछ शिक्षिकाएं मंदिर हसौद के सेरीखेड़ी स्थित एक रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंची थीं। उन्होंने वेज खाना ऑर्डर किया। खाना परोसे जाने के बाद प्लेट में वेज के साथ चिकन के टुकड़े दिखाई देने पर शिक्षिकाओं ने आपत्ति जताई।

रेस्टोरेंट प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
वायरल वीडियो में शिक्षिकाएं रेस्टोरेंट प्रबंधन और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाती दिखाई दे रही हैं। शिक्षिकाओं का आरोप है कि उनके खाने में जानबूझकर नॉनवेज मिलाया गया। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
घटना के बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ। हालांकि, इस मामले में रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से क्या सफाई दी गई है और पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में बना हुआ है। मामले की वास्तविकता और खाने में चिकन के टुकड़े कैसे पहुंचे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
