Homeअन्य खबरेबिलासपुर में बिजली ठेकेदारों का फूटा गुस्सा, EE के चेंबर में शर्ट...

बिलासपुर में बिजली ठेकेदारों का फूटा गुस्सा, EE के चेंबर में शर्ट उतारकर बैठ गए! 10% पेनल्टी कटौती पर जमकर हंगामा…

बिलासपुर। कृषि पंप कनेक्शन के काम में देरी पर बिल से 10 फीसदी तक पेनल्टी काटे जाने से नाराज बिजली ठेकेदारों ने गुरुवार को विद्युत विभाग के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। ठेकेदार ईई के चेंबर में पहुंच गए और विरोध जताते हुए शर्ट उतारकर जमीन पर बैठ गए। उन्होंने समय पर भुगतान नहीं होने और विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

बारिश बनी वजह, बिल में कट गई रकम

ठेकेदारों का कहना है कि किसानों के खेतों में बिजली लाइन और केबल बिछाने का काम भारी बारिश और खेतों में खड़ी फसल के कारण प्रभावित हुआ। मौसम खराब होने से निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं हो सका। बाद में बारिश थमने पर काम पूरा कर बिल जमा किया गया, लेकिन विभाग ने देरी का हवाला देते हुए कुछ बिलों में 10 फीसदी तक की पेनल्टी काटने का निर्देश दे दिया।

‘काम पूरा कर दिया, फिर पेमेंट क्यों रोका?’

प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों को पहले ही स्थिति की जानकारी दी थी। उनका सवाल है कि जब काम पूरा कर बिल जमा कर दिया गया, तो भुगतान में देरी क्यों की जा रही है और पेनल्टी क्यों काटी जा रही है? ठेकेदारों ने योजना शाखा के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका आरोप है कि बिना पैसे दिए फाइल आगे बढ़ाने में परेशानी होती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विभाग का जवाब- सिर्फ देरी वाले बिलों में कटौती

वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी ठेकेदारों के बिलों में कटौती नहीं की गई है। करीब 5 से 7 बिलों में ही कटौती हुई है, और यह उन्हीं कार्यों में की गई है, जहां काम निर्धारित समय से देर से पूरा हुआ।

482 किसानों को मिलना है कनेक्शन

बता दें कि जिले में करीब 482 किसानों को कृषि पंप कनेक्शन देने के लिए चयनित किया गया है। खेतों तक बिजली पहुंचाने और पंप कनेक्शन का काम पूरा कराने के लिए विभाग ने करीब 20 ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर जारी किया है। अब पेनल्टी और भुगतान को लेकर ठेकेदारों के विरोध ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts