
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के थाना रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि मारुति अर्टिगा वाहन (CG 04 QD 7255) के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध गांजा कटघोरा से मरवाही मार्ग होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए नेशनल हाईवे नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी की।

कुछ समय बाद संदिग्ध अर्टिगा वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त वाहन (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) को भी जब्त किया गया।

इस मामले में आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतही टोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
