
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासन और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा टकराव सामने आ गया है। सामरी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक उद्धेश्वरी पैंकरा ने राजपुर के एसडीएम और तहसीलदार पर नाराजगी जताते हुए 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग कर दी है।

पूरा विवाद उस वक्त भड़क उठा जब सीसी रोड और नाली निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे। कार्यक्रम में अफसरों की गैरमौजूदगी से नाराज विधायक ने मौके से ही कलेक्टर राजेंद्र कटारा को फोन लगाकर सख्त लहजे में कार्रवाई का अल्टीमेटम दे दिया। विधायक ने साफ चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के भीतर अधिकारियों को नहीं हटाया गया, तो वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठेंगी। इस बयान के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

समर्थकों का गुस्सा भी फूटा
मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी एसडीएम देवेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समर्थकों ने सवाल उठाए कि क्या जिले में प्रशासन बेलगाम हो गया है? क्या जनप्रतिनिधियों की बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है?
राजनीतिक तूल भी संभव
मामला अब राजनीतिक रंग भी लेता दिख रहा है। सत्ता पक्ष की विधायक की नाराजगी और प्रशासन की कार्यशैली पर उठते सवालों ने विपक्ष को भी मुद्दा दे दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह विवाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है।
फिलहाल, सबकी नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं—क्या कार्रवाई होगी या टकराव और बढ़ेगा?
